पानी की मशीन, पंखे, इलेक्ट्रिक वायर, एलईडी लाइट और डीवीआर ले गया चोर; नारपोली पुलिस ने दर्ज किया केस
आदिल नोमानी
भिवंडी के पूर्णागांव स्थित एक लॉजिस्टिक कंपनी के गोदाम में सेंध लगाकर अज्ञात चोर करीब 5.08 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गया। आरोपी ने गोदाम की पिछली दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और इलेक्ट्रिक वायर समेत कई सामान लेकर फरार हो गया। नारपोली पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ठाणे पश्चिम के साकेत इलाके में रहने वाले जावेद कमाल पटनी (59) पूर्णागांव स्थित बैटको ट्रांस लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड में काम करते हैं। कंपनी अरिहंत कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग नंबर 13 के गाला नंबर 15 में स्थित है।
शिकायत के मुताबिक, 27 सितंबर की दोपहर करीब 1 बजे से 28 सितंबर की सुबह 9:45 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने गोदाम की पिछली दीवार में छेद किया। इसके बाद वह अंदर घुसा और चोरी की नीयत से सामान लेकर फरार हो गया।
चोरी हुए सामान में एक एक्वागार्ड, दो पंखे, अलग-अलग साइज के इलेक्ट्रिक वायर, एलईडी लाइट के बॉक्स और दो डीवीआर शामिल हैं। पुलिस ने चोरी गए सामान की कुल कीमत 5 लाख 8 हजार 850 रुपये बताई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नारपोली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच पुलिस हवलदार 5193 हुंडेकरी कर रहे हैं।

