संवाददाता मेरठ
मेरठ: चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में जिला जज की अदालत ने मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को सौरभ राजपूत की हत्या का दोषी करार दिया है। अदालत ने दोनों को हत्या के साथ-साथ वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने का भी दोषी माना है। हालांकि, अदालत ने अभी सजा का ऐलान नहीं किया है। दोनों आरोपियों की सजा पर फैसला 15 दिन बाद सुनाया जाएगा।
अदालत के फैसले के बाद अभियोजन पक्ष के वकील के.के. चौबे ने कहा कि कोर्ट ने दोनों आरोपियों को सौरभ राजपूत की हत्या का दोषी माना है। उन्होंने बताया कि अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत के सामने पेश किए गए साक्ष्यों को न्यायालय ने पर्याप्त माना।
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने का भी दोष
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, अदालत ने हत्या के अलावा वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के आरोप को भी साबित माना है। अब अदालत दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों को दी जाने वाली सजा पर फैसला करेगी।

मामला सामने आने के बाद से ही मेरठ का यह हत्याकांड काफी चर्चित रहा है। पुलिस जांच और सुनवाई के दौरान मामले से जुड़े कई साक्ष्य अदालत के सामने पेश किए गए। अब दोषसिद्धि के बाद सबकी नजरें अदालत की ओर से सुनाई जाने वाली सजा पर टिकी हैं।

