अंजुरफाटा स्थित IDFC बैंक के सामने की घटना, महिला की शिकायत पर नारपोली पुलिस ने शुरू की जांच
अब्दुल गनी। भिवंडी
भिवंडी में एक महिला बैंककर्मी के साथ कथित तौर पर अशोभनीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर नारपोली पुलिस ने IDFC बैंक के एक सेल्स ऑफिसर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 27 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे अंजुरफाटा स्थित IDFC बैंक की शाखा के सामने हुई। शिकायत के मुताबिक, महिला वहां फोन पर बात करते हुए खड़ी थी। इसी दौरान आरोपी श्रीधर सत्यनारायण मधीराला (29) ने उससे ग्राहकों के पास चलने और घूमने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद वह महिला को अपनी गाड़ी पर बैठाकर नदी नाका-मिठपाड़ा इलाके में एक लॉज के सामने ले गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला से लॉज के अंदर चलकर आराम करने की बात कही और वहां अपने परिचितों के होने का हवाला दिया। महिला ने इस व्यवहार को अनुचित बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
घटना के बाद दर्ज कराई शिकायत
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पीड़िता ने अपने माता-पिता से चर्चा करने के बाद 9 अक्टूबर 2026 को नारपोली पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसी दिन रात 10:04 बजे मामला दर्ज किया गया। शिकायत दर्ज करने में हुई देरी के संबंध में भी पुलिस रिकॉर्ड में उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार कर रहे हैं। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

