फरीदाबाद में वारदातों का खुलासा, रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर भी करती थीं वसूली
फरीदाबाद: डेटिंग ऐप Tinder पर दोस्ती कर लोगों को होटल में बुलाने और नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने के आरोप में पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों पीड़ितों को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर भी रुपये वसूलती थीं। पुलिस ने 50 वर्षीय मां को गुरुग्राम और 24 वर्षीय बेटी को उत्तर प्रदेश के रायबरेली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली हैं और पिछले करीब पांच वर्षों से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रही थीं। डेटिंग ऐप के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें होटल में बुलाया जाता था। इसके बाद कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर उनके साथ लूटपाट की जाती थी।
कई राज्यों में लोगों को बनाया निशाना
जांच में सामने आया है कि आरोपी अंडमान-निकोबार, गुजरात, सूरत, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई स्थानों पर लोगों को निशाना बना चुकी हैं। पुलिस के मुताबिक, लूटपाट के अलावा दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर वसूली भी की जाती थी।
मां-बेटी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

