बाजारों में सजा रहा सामान, ग्राहकों की भारी कमी; मिठाई से ज्वेलरी तक कारोबार फीका, मजदूरों को बोनस भी नहीं मिला
भिवंडी
भिवंडी के पावरलूम उद्योग में छाई भीषण मंदी ने इस बार दीपावली का उत्साह फीका कर दिया। रोशनी और खरीदारी से गुलजार रहने वाले बाजारों में दुकानदार ग्राहकों की राह देखते नजर आए। दुकानों पर सामान की भरमार थी, लेकिन खरीदारों की कमी ने कारोबारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पावरलूम मालिकों से लेकर मजदूरों और व्यापारियों तक, हर वर्ग के चेहरों पर आर्थिक संकट की मायूसी साफ दिखाई दी।

भिवंडी की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पावरलूम उद्योग की सुस्ती का असर अब शहर के समूचे व्यापारिक तंत्र पर दिखाई देने लगा है। कपड़ा उद्योग से जुड़े कारोबार में गिरावट के चलते होटल, किराना, रेडीमेड कपड़े, मिठाई, बर्तन और सोने-चांदी के व्यापार तक प्रभावित हुए हैं। दिवाली से कई महीने पहले शुरू हुई मंदी ने त्योहार के सीजन में भी बाजार को उबरने का मौका नहीं दिया।

लागत से कम कीमत पर बिक रहा ग्रे कपड़ा, पूंजी फंसने से कारोबारी परेशान
पावरलूम कारखानों में तैयार होने वाला ग्रे कपड़ा लागत से भी कम कीमत पर बिक रहा है। यार्न और कपड़ा बाजार में लगातार गिरावट के चलते कारोबारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापार में लगी पूंजी फंसने से सैकड़ों कपड़ा व्यापारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि मौजूदा हालात में खर्च बढ़ाने के बजाय पूंजी बचाना जरूरी हो गया है। उद्योग और व्यापार को भविष्य में दोबारा खड़ा करने के लिए इस बार दिवाली पर खर्च में कटौती करनी पड़ी।
मजदूरों की दिवाली फीकी, बोनस और उपहार की उम्मीद टूटी
पावरलूम मालिकों की आर्थिक कमजोरी का सीधा असर मजदूरों पर पड़ा है। सालभर दिवाली पर बोनस और उपहार मिलने की उम्मीद लगाए बैठे मजदूरों को इस बार निराशा हाथ लगी। आर्थिक तंगी के कारण कई मजदूरों की त्योहार संबंधी खरीदारी भी सीमित रही। मिठाई, बर्तन, ड्राईफ्रूट और गिफ्ट की दुकानों पर अपेक्षित भीड़ नहीं दिखाई दी।
मिठाई की बिक्री आधी, ज्वेलरी कारोबार भी सुस्त
मिठाई कारोबारियों के मुताबिक दशहरे से ही बाजार में मंदी का असर दिखाई देने लगा था। पिछले वर्षों की तुलना में बिक्री आधी से भी कम रही। इसी स्थिति को देखते हुए दुकानदारों ने दिवाली के लिए सीमित स्टॉक तैयार किया था।
ज्वेलरी कारोबार भी ग्राहकों की कमी से प्रभावित रहा। सोने-चांदी की दुकानों पर दिवाली के दौरान होने वाली खरीदारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। व्यापारियों के मुताबिक इस साल त्योहार की पारंपरिक रौनक बाजारों से गायब रही।
एक बड़े दुकानदार ने बताया कि दिवाली के सीजन में अच्छी बिक्री की उम्मीद से ब्याज पर रकम लेकर भारी स्टॉक तैयार किया था, लेकिन ग्राहकों की कमी के कारण बिक्री उम्मीद से काफी कम रही। इससे कारोबार में नुकसान बढ़ने की आशंका है।
रोशनी से जगमग बाजार, लेकिन कारोबार में अंधेरा
कुल मिलाकर पावरलूम उद्योग की मंदी ने भिवंडी की आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार थाम दी है। इसका असर केवल कपड़ा उद्योग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शहर के छोटे-बड़े कारोबारियों और मजदूरों की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ा है। दिवाली पर बाजार रोशनी से जगमगाते रहे, लेकिन खरीदारी की कमी और आर्थिक तंगी ने लोगों की खुशियों की चमक फीकी कर दी।

