भरोसे का फायदा उठाकर 30 लाख के कपड़े की हेराफेरी का आरोप

भिवंडी

भिवंडी में कारखाने के कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का केस, निजामपुर पुलिस ने शुरू की जांच

अब्दुल गनी खान
भिवंडी के कपड़ा उद्योग क्षेत्र में करीब 30 लाख रुपये के ग्रे कपड़े की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। कारखाने में रखे कपड़े के माल को विश्वास में लेकर बेचने और रकम का गबन करने का आरोप लगाते हुए निजामपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस के अनुसार, ठाणे निवासी कपड़ा कारोबारी छत्तरसिंग पोमसिंग परमार (64) ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, यह मामला 1 अक्टूबर 2025 से 1 अप्रैल 2026 के बीच का है।

शिकायतकर्ता का सुपिमा कॉटन मिल्स प्रा. लि. नामक कारखाना भिवंडी तालुका के खोणीगांव, खाड़ीपार इलाके में स्थित है। आरोप है कि कारखाने में रखे ग्रे कपड़े के माल को लेकर आरोपी मोहम्मद बशीर मन्सूर (30), आशिष राम नरेश और सज्जाद ने शिकायतकर्ता और उनके भाई ओमसिंग परमार का विश्वास हासिल किया।

इसके बाद आरोपियों ने कारखाने में रखे 783 ग्रे कपड़े के तागे (करीब 90 हजार मीटर कपड़ा), जिसकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई गई है, को कथित रूप से अपने आर्थिक लाभ के लिए बेच दिया और रकम का गलत इस्तेमाल किया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिना अनुमति कपड़े का माल बेचकर शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद निजामपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4), 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक जीवन म्हस्के कर रहे हैं। पुलिस दस्तावेजों, कपड़े के स्टॉक और संबंधित लेन-देन की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *