भिवंडी में पद्मानगर और नागांव रोड पर पुलिस का हुक्का पार्लर पर कार्रवाई, 84 हजार रुपये से अधिक का तंबाकूजन्य सामान जब्त
आदिल नोमानी
भिवंडी शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का पार्लरों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शहर पुलिस और अपराध शाखा की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तंबाकू मिश्रित हुक्का परोसने और सेवन करने के आरोप में कुल 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 84 हजार 918 रुपये कीमत के सिगरेट, तंबाकूजन्य पदार्थ और हुक्का सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई 1 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पद्मानगर, भद्रावतीनगर स्थित साई मंदिर के पास की गई। यहां रितेश जाधव के घर में कथित रूप से हुक्का पार्लर चलाया जा रहा था।
अपराध शाखा घटक-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोप लगाया कि स्नेहा उर्फ वहिनी रितेश जाधव और रितेश जाधव के यहां हुक्का संचालन किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, वहां काम करने वाले दीपक राममिलन गुप्ता, याकूब मोहम्मद सुलतान अंसारी और गणेश रामरतन भारती के माध्यम से ग्राहकों को तंबाकू मिश्रित फ्लेवर हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा था।छापेमारी के दौरान कई युवक हुक्का सेवन करते हुए मिले। पुलिस ने मौके से करीब 70 हजार 200 रुपये कीमत के सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद जब्त किए। इस मामले में अपराध शाखा के पुलिस हवलदार भावेश शांताराम घरत की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, शांतीनगर पुलिस ने नागांव रोड इलाके में चल रहे एक अन्य हुक्का पार्लर पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, हुक्का पार्लर संचालक ने अपने मैनेजर और कैशियर के साथ मिलकर ग्राहकों को हुक्का सेवन के लिए जगह उपलब्ध कराई थी।
आरोप है कि यहां प्रतिबंधित तंबाकू और निकोटीन युक्त फ्लेवर पदार्थों से तैयार हुक्का परोसा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 14 हजार 718 रुपये कीमत के सिगरेट और अन्य तंबाकूजन्य पदार्थ जब्त किए।
दोनों मामलों में पुलिस ने सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2018 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध रूप से चल रहे हुक्का पार्लरों और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

