600 से अधिक विद्यार्थियों समेत ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, विधायक शांताराम मोरे की मौजूदगी में सेवा का शुभारंभ
अब्दुल गनी खान!
ठाणे: भिवंडी तालुका के तलवली–खानिवली मार्ग पर वर्षों से चली आ रही नियमित एसटी बस सेवा की मांग आखिरकार पूरी हो गई। सोमवार से महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) की बस सेवा शुरू कर दी गई। इससे डी.के. सूर्यराव विद्यालय के करीब 600 विद्यार्थियों समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों छात्रों और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
बस सेवा शुरू कराने के लिए विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। वहीं भूमिपुत्र एल्गार संगठन ने भी इस मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी थी। भिवंडी ग्रामीण के विधायक शांताराम मोरे ने एसटी प्रशासन के साथ लगातार पत्राचार कर इस समस्या को उठाया, जिसके बाद मार्ग का निरीक्षण कर बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया।
विधायक की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
तलवली–खानिवली मार्ग पर शुरू हुई एसटी बस सेवा का उद्घाटन भिवंडी ग्रामीण के विधायक शांताराम मोरे की उपस्थिति में भूमिपुत्र एल्गार संगठन के संस्थापक-अध्यक्ष प्रमोद पवार ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया।

इस मौके पर एमएसआरटीसी भिवंडी डिपो के अधिकारी महाजन, भूमिपुत्र एल्गार संगठन के कार्याध्यक्ष सुनील लोणे, महासचिव नवनाथ भोये, युवा सेना के अजय मोरे, विजय राऊत, विद्यालय की प्रधानाचार्या पाटिल मैडम, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता मनीषा काकड़े सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बारिश में छात्रों को होती थी परेशानी
तलवली, खानिवली, कांदली, कोशिंबी, डोहोळे, मोहेंडूळ, दिनकरपाड़ा और वडवली सहित आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने के लिए लंबे समय तक पैदल या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था। खासकर बारिश के मौसम में खराब रास्तों और परिवहन की कमी के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार आवागमन की समस्या के कारण छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों के लगातार प्रयासों के बाद अब नियमित एसटी बस सेवा शुरू होने से राहत मिली है।
छात्राओं को वितरित किए गए निःशुल्क बस पास
कार्यक्रम के दौरान एसटी प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से छात्राओं को निःशुल्क एसटी बस पास भी वितरित किए गए। उपस्थित अतिथियों ने इसे ग्रामीण विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
भूमिपुत्र एल्गार संगठन के अध्यक्ष प्रमोद पवार ने कहा कि संगठन ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और नागरिकों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी संघर्ष करता रहेगा।
वहीं विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों ने बस सेवा शुरू कराने के लिए विधायक शांताराम मोरे, भूमिपुत्र एल्गार संगठन, एसटी प्रशासन और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

