कोहिनूर हादसे के पीड़ितों के लिए आर्थिक मदद की मांग

भिवंडी

सपा अध्यक्ष मोहम्मद अनस अंसारी ने महापौर को सौंपा पत्र, जर्जर इमारतों पर प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल

अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर के भंडारी कंपाउंड स्थित गंगाराम वाडी, तावड़े कंपाउंड में कोहिनूर नामक चार मंजिला इमारत गिरने की दर्दनाक घटना में 10 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद अब पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और शहर की जर्जर इमारतों को लेकर प्रशासन से जवाबदेही की मांग तेज हो गई है।
समाजवादी पार्टी भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष मोहम्मद अनस अंसारी ने भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के महापौर को पत्र देकर मांग की है कि हादसे में मृतकों के परिजनों को महाराष्ट्र सरकार की ओर से 10-10 लाख रुपये और घायलों को 2-2 लाख रुपये आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
अपने पत्र में मोहम्मद अनस अंसारी ने कहा कि कोहिनूर इमारत हादसा बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। इस दुर्घटना में कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है। ऐसे समय में प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
सपा नेता ने भिवंडी शहर में घोषित की गई खतरनाक और जर्जर इमारतों को लेकर भी महानगरपालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई इमारतों को महानगरपालिका द्वारा धोखादायक घोषित किए जाने के बावजूद वहां अभी भी बिजली आपूर्ति और नल कनेक्शन जारी हैं। इससे इन इमारतों में रहने वाले लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है।
उन्होंने मांग की कि सभी खतरनाक इमारतों को तत्काल खाली कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले संबंधित विभागीय अधिकारियों की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मोहम्मद अनस अंसारी ने यह पत्र महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, भिवंडी मनपा आयुक्त, उप विभागीय अधिकारी और तहसीलदार भिवंडी को भी भेजा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए शहर की सभी जर्जर इमारतों का तत्काल सर्वे कराया जाए और सुरक्षा के लिहाज से ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *