महावितरण अभय योजना से पुराने बिजली बिलों के बकाया पर मिलेगी राहत, ब्याज 100% माफ

भिवंडी

15 जनवरी 2027 तक योजना का लाभ उठाने का मौका, 15 दिसंबर से पहले एकमुश्त भुगतान पर मूल बकाया में 10 से 20 फीसदी तक छूट

अब्दुल गनी| भिवंडी

महावितरण के पुराने बिजली बिलों का बकाया उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। टोरेंट पावर ने अपने वितरण फ्रेंचाइजी क्षेत्र के उपभोक्ताओं से महावितरण अभय योजना 2026-27 का लाभ उठाने की अपील की है। इस योजना के तहत पुराने लंबित बिजली बिलों का भुगतान विशेष रियायतों के साथ किया जा सकता है। योजना में बकाया राशि पर 100 फीसदी ब्याज माफी और पात्र उपभोक्ताओं को ब्याजमुक्त किस्तों में भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

टोरेंट पावर के अनुसार, महावितरण की पुरानी बकाया राशि के कारण जिन उपभोक्ताओं के नए बिजली कनेक्शन, नाम परिवर्तन, टैरिफ श्रेणी परिवर्तन अथवा लोड परिवर्तन जैसे कार्य अटके हुए हैं, उनके लिए यह योजना विशेष रूप से लाभकारी साबित हो सकती है। उपभोक्ता पुरानी बकाया राशि का निपटान कर इन प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ कर सकते हैं।

15 दिसंबर तक भुगतान पर अतिरिक्त छूट

अभय योजना 6 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक लागू रहेगी। इसके तहत महावितरण की बकाया राशि वाले सभी पात्र उपभोक्ता आवेदन कर सकते हैं। योजना का सबसे बड़ा आकर्षण बकाया पर लगने वाले ब्याज की 100 फीसदी माफी है। इसके अलावा पात्र उपभोक्ताओं को ब्याजमुक्त किस्तों में भुगतान की सुविधा भी मिलेगी।

वहीं, जो उपभोक्ता 15 दिसंबर 2026 से पहले एकमुश्त भुगतान करेंगे, उन्हें उपभोक्ता श्रेणी और बकाया अवधि के अनुसार मूल बकाया राशि में 10 से 20 फीसदी तक अतिरिक्त छूट मिल सकती है।

        अंतिम तारीख का इंतजार न करें

टोरेंट पावर ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अभय योजना का लाभ उठाएं और पुराने बकाया का निपटान कर बिजली संबंधी लंबित कार्यों को पूरा कराने का अवसर प्राप्त करें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी और प्रक्रिया के लिए उपभोक्ता टोरेंट पावर के ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *