गौरीपाड़ा में गोदाम की आग पांच घरों तक पहुंची, जकात नाका में छह दुकानें जलकर राख; दीपक और पटाखों की चिंगारी से भी हादसे
भिवंडी: दिवाली के जश्न के बीच भिवंडी में आग की चार अलग-अलग घटनाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया। सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक शहर के विभिन्न इलाकों में आग लगने से कई दुकानें, एक कारखाना और गोदामों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। गौरीपाड़ा में गोदाम की आग पांच घरों तक पहुंच गई, जबकि जकात नाका में जूते-चप्पल की दुकान से भड़की आग ने आसपास की छह दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दीपक और पटाखों की चिंगारी से भी आगजनी की घटनाएं हुईं। राहत की बात यह है कि किसी के हताहत होने की आधिकारिक सूचना नहीं है।

पहली घटना गौरीपाड़ा इलाके में हुई, जहां सोमवार देर रात एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए आसपास के पांच घरों तक पहुंच गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
दूसरी घटना जकात नाका स्थित जूना कापआली इलाके में हुई। यहां एसके फुटवियर नामक जूते-चप्पल की दुकान में देर रात आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की छह दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। इस हादसे में व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

तीसरी घटना कामतघर के गणेशनगर इलाके में हुई, जहां लक्ष्मी पूजन के बाद दुकान में जलाए गए दीपक से आग लग गई। बैग की दुकान में लगी आग तेजी से फैल गई और बिक्री के लिए रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाद में दमकलकर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझाया।
चौथी घटना कामतघर के ओसवालवाड़ी इलाके में हुई, जहां पटाखे से निकली चिंगारी के कारण लकड़ी के बैट बनाने वाले कारखाने में भीषण आग लग गई। आग में कारखाने की मशीनरी, लकड़ी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। पास में मंडप सजावट के सामान का गोदाम भी था। आग वहां तक पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने गोदाम का सामान बाहर निकालकर सुरक्षित बचा लिया। आग से पास का एक पेड़ भी जल गया। दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दिवाली के दौरान आग की इन चार घटनाओं ने शहर में अग्नि सुरक्षा और पटाखों के इस्तेमाल को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि इन हादसों में किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी नहीं है। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन और घटनाओं के कारणों की पुष्टि होना बाकी है।

