भिवंडी के धोबी तालाब में दो मंजिला इमारत में भीषण आग, जान बचाकर भागे लोग

भिवंडी

ताज नमक गोदाम में लगी आग से इलाके में मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा; दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

शारिफ अंसारी| भिवंडी

भिवंडी के धोबी तालाब इलाके में सोमवार को दो मंजिला इमारत में स्थित ताज नमक के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शाहिल होटल के पास स्थित इमारत के प्रथम तल पर आग लगने के बाद देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। इमारत की दूसरी मंजिल पर रहने वाले लोग जान बचाने के लिए घबराकर बाहर भागे। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ और दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

गोदाम में रखे सिलेंडर और उपकरण बाहर निकाले

गोदाम में बड़ी मात्रा में सामान रखा होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इस बीच स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए गोदाम में रखे गैस सिलेंडर और चार्जिंग से जुड़े उपकरणों को बाहर निकाल लिया। लोगों की इस सतर्कता से आग के और अधिक भयावह होने तथा संभावित विस्फोट का खतरा टल गया।

दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी स्थिति पर नजर रखी और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गोदाम में आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *