1,603 महिलाएं और 1,236 पुरुष संक्रमित, 14 वर्ष तक के 230 बच्चे भी टीबी की चपेट में
मरीजों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया अभियान,घर घर होगा मरीजों की जांच
विशेष संवाददाता
भिवंडी शहर में टीबी (क्षय रोग) के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शहर में वर्तमान में टीबी के 2,839 सक्रिय मरीज दर्ज किए गए हैं। इनमें 1,603 महिलाएं और 1,236 पुरुष शामिल हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन मरीजों में 14 वर्ष तक की उम्र के 230 बच्चे भी टीबी से संक्रमित हैं। मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है।

टीबी विभाग की प्रभारी डॉ. बुशरा सैयद ने नागरिकों से अपील की है कि वे बीमारी के लक्षणों को छिपाएं नहीं और न ही उन्हें नजरअंदाज करें। लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सकीय जांच कराएं। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे जांच कराने से हिचकिचाने वाले मरीजों की काउंसलिंग करें और उन्हें नियमित दवा लेने के लिए प्रेरित करें।
जिला स्तर पर ‘डॉक्टर फॉर यू’ के समन्वयक सैयद मोहम्मद साद ने कहा कि टीबी को लेकर सामाजिक झिझक और बदनामी के डर से कई मरीज समय पर जांच नहीं कराते हैं। विशेष रूप से महिलाओं में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है, जिससे बीमारी की पहचान और उपचार में देरी होती है।
वहीं, डॉ. सैयद ने टीबी मरीजों की सहायता और उपचार अभियान को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक निक्षय मित्रों को आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने इस अभियान में नगरसेवकों से भी सहयोग मांगा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय पर जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग अथवा डॉक्टर फॉर यू के स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करें। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि समय पर पहचान, नियमित उपचार और जनभागीदारी से भिवंडी को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

