SIR-2026 में ASDD में डाले गए मतदाताओं के लिए राहत, 30 नवंबर तक भरें गणना प्रपत्र, नहीं तो छूट जाएगा नाम
विशेष संवाददाता| भिवंडी
अगर विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR-2026) में आपका नाम मतदाता सूची से गायब हो गया है, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग ने ऐसे मतदाताओं को अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में फिर से जुड़वाने के लिए एक और मौका देने का फैसला किया है।137 भिवंडी (पूर्व) विधानसभा मतदारसंघ के मतदाता पंजीकरण अधिकारी अमित सानप ने इस संबंध में प्रेस नोट जारी कर मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपनी प्रक्रिया पूरी करें।
प्रेस नोट के अनुसार, चालू विशेष सघन पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र जारी करने के बाद भी उनका नाम ASDD – Absence (अनुपस्थित), Shifted (स्थानांतरित), Dead (मृत), Duplicate (दोहरा) श्रेणी में शामिल किया गया, इस कारण उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं आ पाया। ऐसे मतदाताओं को अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आयोग ने एक और अवसर देने का निर्णय लिया है।इस कार्यक्रम के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण व संकलन की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 रखी गई है। वहीं गणना प्रपत्रों (EFs) को निकालने की प्रक्रिया 10 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।मतदाता पंजीकरण अधिकारी ने अपील की है कि जिन मतदाताओं का नाम ASDD सूची में है या प्रारूप सूची में नहीं आया है, वे समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करें, ताकि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो सके।

