467 करोड़ के ड्रेनेज प्रोजेक्ट की सफाई के दौरान हादसा; बिना सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों को उतारने का आरोप, ठेकेदार पर केस दर्ज करने की तैयारी
विशेष संवाददाता भिवंडी
भिवंडी के कामतघर स्थित फेणेपाड़ा इलाके में बुधवार को ड्रेनेज लाइन की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मैनहोल में उतरे दो मजदूरों की जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी से दम घुटने के कारण मौत हो गई। मृतकों की पहचान सूरज अशोक धोत्रे (20) और शमशाद गांधी (50) के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ईगल कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार की ओर से ड्रेनेज लाइन की सफाई कराई जा रही थी। इस दौरान एक मजदूर मैनहोल में उतरा, लेकिन अंदर गैस के कारण वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए दूसरा मजदूर भी नीचे उतरा, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
हैंडओवर से पहले हो रही थी सफाई
भिवंडी मनपा का 467 करोड़ रुपये का भूमिगत ड्रेनेज प्रोजेक्ट उल्हासनगर की मे. ईगल कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया था। परियोजना के पहले चरण में 64 करोड़ और दूसरे चरण में 403 करोड़ रुपये खर्च किए गए। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मनपा को प्रोजेक्ट सौंपने से पहले ठेकेदार द्वारा ड्रेनेज लाइन की सफाई कराई जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप
आरोप है कि मजदूरों को मैनहोल में उतारने से पहले आवश्यक सुरक्षा उपकरण, ऑक्सीजन और अन्य बचाव इंतजाम उपलब्ध नहीं कराए गए थे। मनपा के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर ने बताया कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।स्थानीय नगरसेवक कमलाकर पाटिल ने ईगल कंपनी और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

गौरतलब है कि जून में भी गटर सफाई के दौरान दम घुटने से एक मजदूर की मौत हुई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने ड्रेनेज सफाई में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि दो मजदूरों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

