काम पर जाते समय रास्ते में रोककर सीने और पेट पर किया वार, महिला को चाकू दिखाकर धमकाया
विशेष संवाददाता | भिवंडी
भिवंडी के नारपोली इलाके में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से हमला करने और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर ने बाद में कैलासनगर पहाड़ी इलाके में एक महिला को भी चाकू दिखाकर धमकाया। इस मामले में नारपोली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 26 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे शिकायतकर्ता राज काजीम शेख (40) काम पर जाने के लिए क्लासिक होटल के पास सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान उनके परिचित हुसेन जिन्ना शेख ने उनके पास आकर कॉलर पकड़ ली और अपने साथ चलकर बात करने को कहा।शिकायतकर्ता ने काम पर जाने की बात कहते हुए वहीं बात करने को कहा। इससे नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से उनके सीने और पेट के ऊपरी हिस्से पर वार कर दिया। इसके बाद हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए गाली-गलौज भी की।शोर सुनकर आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उनकी तरफ चाकू लहराते हुए धमकी दी कि जो भी बीच में आएगा, उसे जान से मार देगा। इससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।शिकायत मे बताया गया है कि कुछ समय बाद कैलासनगर पहाड़ी पर रहने वाली सभा अरमान सय्यद के घर के सामने भी आरोपी चाकू लेकर पहुंचा और उन्हें गाली-गलौज करने लगा। महिला ने इसका कारण पूछा तो आरोपी ने चाकू दिखाकर उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।नारपोली पुलिस ने इस मामले में हुसेन जिन्ना शेख और राज काजीम शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हुसेन शेख के खिलाफ पहले भी नारपोली पुलिस स्टेशन में वर्ष 2024 में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल मामले की जांच पुलिस हवलदार टोकर कर रहे हैं।

