भिवंडी रोड स्टेशन के पार्सल कारोबार में तेजी, अक्टूबर में 3.27 करोड़ रुपये की कमाई

भिवंडी

अप्रैल से अक्टूबर तक 17.29 करोड़ रुपये का राजस्व, 272 वीपी के जरिए 6,300 टन माल का रिकॉर्ड परिवहन

भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन पर पार्सल कारोबार लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। मध्य रेलवे की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक पार्सल बुकिंग और माल परिवहन से रेलवे को करीब 17.29 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। अक्टूबर महीने में कारोबार ने नया रिकॉर्ड बनाया। इस दौरान 272 वीपी (पार्सल यूनिट) के जरिए 6,300 टन माल का परिवहन किया गया, जिससे रेलवे को जीएसटी सहित 3 करोड़ 27 लाख 17 हजार 969 रुपये की कमाई हुई।

रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में 173 वीपी के माध्यम से 3,912 टन माल भेजा गया, जिससे 1 करोड़ 92 लाख 27 हजार 12 रुपये का राजस्व मिला। मई में 175 वीपी से 4,012 टन माल का परिवहन हुआ और 1 करोड़ 97 लाख 22 हजार 836 रुपये की आय हुई। वहीं, जून में 150 वीपी के जरिए 3,863 टन माल भेजने से 1 करोड़ 89 लाख 91 हजार 140 रुपये प्राप्त हुए।

जुलाई में 185 वीपी के माध्यम से 4,272 टन माल का परिवहन किया गया, जिससे रेलवे को 2 करोड़ 9 लाख 97 हजार 32 रुपये की कमाई हुई। अगस्त में 257 वीपी से 5,941 टन माल भेजा गया और 3 करोड़ 9 लाख 82 हजार 478 रुपये का राजस्व मिला। सितंबर में भी कारोबार की रफ्तार बरकरार रही। इस महीने 250 वीपी के जरिए 5,801 टन माल का परिवहन हुआ, जिससे 3 करोड़ 2 लाख 81 हजार 632 रुपये की आय हुई।

अक्टूबर में अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन

भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन के कमर्शियल इंचार्ज एम.एच. पांडे ने बताया कि अक्टूबर में पार्सल कारोबार ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। एक महीने में 272 वीपी के जरिए 6,300 टन माल का परिवहन किया गया। इससे रेलवे को जीएसटी सहित 3.27 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिला।

अप्रैल से अक्टूबर तक सात महीनों में कुल 1,462 वीपी के जरिए 34,101 टन माल की ढुलाई की गई। इससे रेलवे को करीब 17.29 करोड़ रुपये की आय हुई।

गौरतलब है कि भिवंडी पावरलूम उद्योग और कपड़ा कारोबार का प्रमुख केंद्र है। यहां से देश के विभिन्न हिस्सों में बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य व्यावसायिक सामान भेजा जाता है। ऐसे में रेलवे के पार्सल कारोबार में लगातार हो रही वृद्धि को शहर की व्यापारिक गतिविधियों में तेजी और माल परिवहन के लिए रेल सेवा के बढ़ते इस्तेमाल से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *