अब्दुल गनी खान (कल्याण)
प्रशासनिक कार्यों में सुधार के लिए राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस द्वारा घोषित सुधार पहल में कोंकण विभाग को जीत मिली है। कोंकण विभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी के नेतृत्व में कोंकण विभाग राज्य में प्रथम स्थान पर आया और विभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी को बुधवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

राज्य में सत्ता में आने पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से महत्वाकांक्षी 100 दिवसीय सुधार पहल लागू की थी। इस सुधार पहल में प्रशासनिक कार्यालयों की दक्षता, सुविधाएं, शिकायत निवारण प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण कारकों का मूल्यांकन किया गया।
कोंकण विभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग से प्रशासनिक कार्यों में ‘एआई’ का प्रभावी उपयोग किया, आम आदमी से जुड़े बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता दी, सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाया, कई लंबित मामलों का समाधान किया और काम में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया। डिजिटलीकरण के माध्यम से सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए। इसके अलावा, समुद्र तटों और नदियों के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाए गए। जिसके कारण कोंकण क्षेत्र ने इस महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सुधार पहल में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया, डॉ. विजय सूर्यवंशी के नेतृत्व में अपनी विजयी पताका फहराई। इस प्रदर्शन को लेकर डॉ. विजय सूर्यवंशी की हर तरफ प्रशंसा हो रही है।