आदिल नोमानी
भिवंडी: कोनगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने सरकारी आदेश और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में एक ऑर्केस्ट्रा बार के मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, बार में निर्धारित आठ महिला गायिकाओं के बजाय नौ महिला गायिकाएं काम करती मिलीं।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई 29 सितंबर की रात करीब 1:20 बजे कल्याण-भिवंडी रोड स्थित सिगर ऑर्केस्ट्रा बार, पिंपलघर इलाके में की गई। जांच के दौरान बार में लाइसेंस में निर्धारित संख्या से अधिक महिला गायिकाएं मौजूद मिलीं।
पुलिस का आरोप है कि बार के मैनेजर धीरेंद्र भागवत साहू (42) ने लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए नौ महिला गायिकाओं को रखकर ऑर्केस्ट्रा बार संचालित किया। इस संबंध में पुलिसकर्मी हेमंत दत्तात्रय खडसरे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
कोनगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस दिए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक जाधव कर रहे हैं।

