अब्दुल गनी खान
ठाणे। नेपाल में सरकार द्वारा कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद देशभर में युवाओं ने जोरदार आंदोलन छेड़ दिया। राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। आंदोलन धीरे-धीरे हिंसक होता गया और हालात बिगड़ने लगे। नेपाल में उत्पन्न इस गंभीर स्थिति का असर महाराष्ट्र के ठाणे जिले पर भी पड़ा है।

मुरबाड तालुका के रहने वाले 112 पर्यटक नेपाल में जारी दंगों के बीच फंस गए हैं। इस संबंध में मुरबाड के विधायक किसन कथोरे ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी पर्यटक डर और असुरक्षा की स्थिति में एक होटल में ठहरे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि, “ठाणे जिले के 112 पर्यटक नेपाल में अटके हुए हैं। उनकी सुरक्षित वापसी के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और ठाणे जिलाधिकारी पांचाळ से बातचीत की गई है। सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्वदेश लौटाने के प्रयास तेजी से जारी हैं।
इस घटना के बाद ठाणे जिले में पर्यटकों के परिजनों में भी चिंता का माहौल है!