केंद्र सरकार द्वारा ‘परिवार का सामाजिक उपभोग: स्वास्थ्य’ एवं ‘घरेलू पर्यटन’ पर सर्वेक्षण; ठाणेकरों से सहयोग की अपील

ठाणे

ठाणे, 11 सितम्बर (अब्दुल गनी खान) – भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की ओर से स्वास्थ्य और घरेलू पर्यटन विषय पर दो महत्वपूर्ण सर्वेक्षण शुरू किए गए हैं। यह सर्वेक्षण जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे। ठाणे जिले के नागरिकों से इस सर्वेक्षण में सहयोग करने की अपील जिल्हा सांख्यिकी कार्यालय की उपसंचालक संगीता मोरे ने की है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण की 80वीं श्रृंखला के अंतर्गत यह कार्य किया जा रहा है। इस दौरान “परिवार का सामाजिक उपभोग: स्वास्थ्य” तथा “घरेलू पर्यटन एवं उस पर होने वाला व्यय” जैसे विषयों पर जानकारी एकत्र की जाएगी।

स्वास्थ्य संबंधी सर्वेक्षण का उद्देश्य बुनियादी सांख्यिकी जानकारी इकट्ठा करना है, जिसमें सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग की स्थिति, सरकारी व निजी क्षेत्रों से होने वाला उपचार व खर्च, out of pocket expenditure, सभी आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण, 15 से 49 आयु वर्ग की गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व व प्रसवोत्तर चिकित्सा जैसी विस्तृत जानकारी शामिल होगी। एकत्रित आंकड़े केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के निर्माण में सहायक होंगे।

इसी प्रकार घरेलू पर्यटन सर्वेक्षण के अंतर्गत देश के भीतर किए गए यात्राओं और उस पर होने वाले खर्च का अध्ययन किया जाएगा। संकलित जानकारी से टूरिज़्म सैटेलाइट अकाउंट (TSA) तैयार किया जाएगा। यह जानकारी पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संकलित कर संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (UNWTO) को भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके आधार पर ट्रैवल एंड टूरिज़्म डेवलपमेंट इंडेक्स तैयार किया जाएगा। प्राप्त आंकड़े देश की पर्यटन नीतियों के निर्माण में उपयोगी सिद्ध होंगे।

इन सर्वेक्षणों के लिए जिल्हा सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं, जो चयनित क्षेत्रों में घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा दी गई समस्त जानकारी पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।

अतः जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण सर्वेक्षण में सहयोग करें ताकि सटीक और उपयोगी आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *