अब्दुल गनी खान भिवंडी।
बिजनेस वीजा पर भारत आए एक अमेरिकी नागरिक पर धर्म प्रचार का आरोप लगा है। पुलिस ने अमेरिकी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला भिवंडी तालुका के चिंबीपाड़ा गांव का है। पुलिस ने धार्मिक साहित्य और कुछ किताबें भी जब्त की हैं।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जेम्स वॉटसन (58) मूल निवासी अमेरिका, वर्तमान में हिरानंदानी एस्टेट ठाणे (पश्चिम), साईनाथ गणपती सरपे (42) निवासी वसई, पालघर और मनोज गोविंद कोल्हा (35) निवासी चिंबीपाड़ा, भिवंडी शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता रविनाथ सावजी भुरकूट भिवंडी तालुका के निवासी हैं। 3 अक्टूबर की सुबह उन्होंने देखा कि उनके गांव के पास आरोपी मनोज गोविंद कोल्हा के घर के सामने खुले मैदान में प्रार्थना सभा चल रही थी। इसमें अमेरिकी नागरिक जेम्स वॉटसन की मौजूदगी में करीब 35 लोग प्रार्थना में शामिल थे।आरोप है कि प्रार्थना के दौरान धार्मिक किताबें पढ़कर लोगों को प्रभावित किया जा रहा था। बच्चों को रोककर उनके माथे पर हाथ रखकर जेम्स वॉटसन ने कथित रूप से कहा कि वह दैवी शक्ति से उनका इलाज कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, यह कृत्य गैरकानूनी होने के साथ बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार की श्रेणी में आता है।भिवंडी ग्रामीण पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हर्षवर्धन बर्वे ने बताया कि शुक्रवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि जेम्स वॉटसन बिजनेस वीजा पर भारत आया था और यहां अवैध रूप से धर्म प्रचार कर रहा था।

