भिवंडी, दिनांक 27 अक्टूबर (अब्दुल गनी खान)।
महाराष्ट्र के फलटण, जिला सातारा स्थित उपजिला अस्पताल की महिला चिकित्सक डॉ. संपदा मुंढे की आत्महत्या प्रकरण ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस गंभीर मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की संलिप्तता की जांच की मांग को लेकर आज शिवसेना पक्षप्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव बाळासाहेब ठाकरे के आदेशानुसार राज्यभर में शिवसेना महिला जिल्हा संघटीका द्वारा आंदोलन किया गया।

इसी क्रम में भिवंडी में शिवसेना महिला आघाड़ी की जिल्हा संघटीका श्रीमती वैशाली ताई मेस्त्री के नेतृत्व में पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-2 भिवंडी को मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस के नाम एक निवेदन सौंपा गया। इस निवेदन में मांग की गई है कि डॉ. संपदा मुंढे आत्महत्या प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की जाए और इसमें शामिल अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर शहर संघटीका (पूर्व) सौ. स्वाती भावारथे, पश्चिम शहर संघटीका सौ. दिपाली जैन, पूर्व विधानसभा संपर्क संघटीका सौ. संगिता जोशी, उपशहर संघटिका छाया केंदळे, कल्पना पुजारी, लता ऐनकर, वंदना मेस्त्री, भावना गावडे, नौशेबा अन्सारी, सारीका रेवाळे और प्रज्ञा म्हात्रे सहित कई महिला पदाधिकारी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुंढे जैसी कर्मठ महिला अधिकारी को न्याय दिलाने के लिए शिवसेना महिला आघाड़ी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी और तब तक शांत नहीं बैठेगी जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती।

