भिवंडी।शहर में लगातार कम दाब और अपर्याप्त पानी सप्लाई की शिकायतों के बीच भिवंडी-निजामपुर शहर महानगर पालिका ने आखिरकार कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जलापूर्ति विभाग ने बाबला कंपाउंड, अमजदिया रोड पर बड़े पैमाने पर हो रही पानी चोरी का भंडाफोड़ किया, जिसके बाद शहर में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, नारायण कंपाउंड स्थित एक यार्न डाइंग यूनिट में दो इंच की पाइपलाइन डालकर मनपा की 24 घंटे स्टेम लाइन से अवैध रूप से पानी लिया जा रहा था। बिना किसी अनुमति के रोड खोदकर बिछाई गई इस पाइपलाइन के जरिए लंबे समय से पानी चोरी की जा रही थी, जिससे मनपा को लाखों रुपये का नुकसान हो चुका है।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त अनमोल सागर ने पानी चोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के आदेश जारी किए। इसके बाद जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर ने नफीस मोमिन और विराज भोईर के नेतृत्व में 7 सदस्यों की एक विशेष टीम बनाई, जो विभिन्न क्षेत्रों में जलवाहिनी का निरीक्षण कर अवैध कनेक्शन पकड़ने का काम कर रही है।

मनपा अधिकारियों के अनुसार, मुख्य जलवाहिनी और अन्य पाइप लाइनों से हो रही पानी चोरी के कारण कई नागरिक इलाकों में पानी की भारी किल्लत पैदा हो गई थी। अब कार्रवाई शुरू होते ही अवैध कनेक्शन काटे जा रहे हैं, और इस कार्रवाई से पानी चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जलापूर्ति विभाग प्रमुख संदीप पटनावर ने कहा कि शहर में पानी चोरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बड़े पैमाने पर जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ स्थानीय पुलिस थानों में फौजदारी के तहत मामले दर्ज किए जाएंगे।

