86 लाख की जमीन सौदेबाजी में धोखाधड़ी, दो पर मामला दर्ज

भिवंडी

भिवंडी:शहर के शांतिनगर पुलिस ने करीब 86 लाख रुपये के जमीन सौदे में कथित धोखाधड़ी और गबन के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित की शिकायत पर सहदेव सीताराम म्हात्रे और नागेश सीताराम म्हात्रे के खिलाफ आईपीसी धारा 420, 504, 506 और 34 के तहत अपराध दर्ज हुआ है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। शिकायतकर्ता और बांधकाम व्यवसायी प्रकाश नानजी पटेल द्वारा पुलिस थाना में दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पिंपलांस गांव स्थित अपनी कथित पैतृक जमीन का हिस्सा बेचने के नाम पर वर्ष 2016 से 2017 के बीच उनसे नकद और चेक के जरिए कुल 86 लाख रुपये लिए थे। भरोसा दिलाया गया था कि रकम मिलते ही जमीन का रजिस्ट्रेशन करवाया जाएगा, लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी ऐसा नहीं हुआ। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने सौदा रद्द कर अपनी रकम वापस मांगने पर जोर दिया, तब भी आरोपियों ने न तो पैसा लौटाया और न ही जमीन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। इस वजह से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव झेलना पड़ा। आरोपियों ने रकम लेकर कथित रूप से विश्वासघात किया है। मामले में जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अरूण घोलप कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *