अब्दुल गनी खान
भिवंडी: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त की रात लोक हिंद पार्टी और भिवंडी एक्शन फोर्स की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सामाजिक, शैक्षणिक, चिकित्सा, कानूनी, साहित्यिक, सांस्कृतिक और कला क्षेत्र में योगदान देने वाली शहर की कई प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सम्मान के साथ भिवंडी के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहर में कला एवं रंगमंच के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता यासीन मोमिन को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, कोकण प्रोग्रेसिव ट्रस्ट के प्रमुख सिमाब बहाउद्दीन को हेल्थकेयर एंड ह्यूमैनिटेरियन एक्सीलेंस अवॉर्ड, समदिया हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज के प्राचार्य साजिद सिद्दीकी को शिक्षा रत्न अवॉर्ड, वरिष्ठ नाटककार-निर्देशक सादिक अंसारी को एक्सीलेंस इन ड्रामा राइटिंग एंड डायरेक्शन अवॉर्ड और फिल्म-टीवी कलाकार असगर मोमिन को अभिनय शिखर सम्मान से नवाजा गया। सभी सम्मानित लोगों को शॉल, पुष्पगुच्छ, प्रमाणपत्र और विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
मेडिकल कॉलेज की जरूरत पर जोर
अधिवक्ता यासीन मोमिन ने भिवंडी में एमबीबीएस मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बढ़ती आबादी को देखते हुए शहर में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा और इलाज की सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने ऑल इंडिया मुशायरा, कोकण मुस्लिम एजुकेशन सोसाइटीज और शहर की शैक्षणिक-सामाजिक प्रगति समेत विभिन्न मुद्दों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भिवंडी के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
सरकारी अस्पतालों की कमी पर चिंता
कोकण प्रोग्रेसिव ट्रस्ट के प्रमुख सिमाब बहाउद्दीन ने स्वास्थ्य क्षेत्र में ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्डियक एम्बुलेंस, डायलिसिस सेंटर, कम कीमत पर दवाइयां और जरूरतमंदों को चिकित्सा व आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने भिवंडी में सरकारी अस्पतालों की कमी पर चिंता जताते हुए संपन्न और दानशील लोगों से स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देने की अपील की।
शिक्षा को बताया विकास की बुनियाद
समदिया हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज के प्राचार्य साजिद सिद्दीकी ने कहा कि शिक्षा ही किसी शहर और समाज की प्रगति की बुनियाद है। उन्होंने विद्यार्थियों के सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया। सिद्दीकी 53 स्कूलों के हेडमास्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। उन्हें महाराष्ट्र उर्दू साहित्य अकादमी की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्राचार्य का पुरस्कार मिल चुका है।
रंगमंच के लिए ऑडिटोरियम की मांग
वरिष्ठ नाटककार और निर्देशक सादिक अंसारी ने भिवंडी में थिएटर के लिए उपयुक्त मंच नहीं होने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शहर में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी कला दिखाने के लिए मंच नहीं मिल पाता। उन्होंने दानदाताओं से किसी अनुपयोगी कारखाने या इमारत को छोटे ऑडिटोरियम में बदलने की पहल करने की अपील की, ताकि स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
200 से अधिक टीवी धारावाहिकों में अभिनय
अभिनय शिखर सम्मान से नवाजे गए कलाकार असगर मोमिन ने अपने गुरु सादिक अंसारी को अपनी कलात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि अंसारी ने उन्हें संवाद अदायगी, भाव-भंगिमा और अभिनय की बारीकियां सिखाईं। असगर मोमिन 200 से अधिक टीवी धारावाहिकों के अलावा फिल्मों और सोशल मीडिया विज्ञापनों में भी काम कर चुके हैं। वह ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी नजर आ चुके हैं।
शहर की तस्वीर बदलने का संकल्प
लोक हिंद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बदीऊज़्ज़मान खान ने सम्मानित हस्तियों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि भिवंडी की तस्वीर बदलने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। शहर का विकास किसी एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि मजबूत टीम, साझा सोच और निरंतर मेहनत से संभव है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से काम करने वाले लोगों को सम्मानित करना जरूरी है।
समारोह में लोक हिंद पार्टी, भिवंडी एक्शन फोर्स और बिजनौरी समाज फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य कासिम अंसारी ने हिंदी और अंग्रेजी में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का कंठस्थ पाठ किया। उन्होंने कविता के माध्यम से देश की परिस्थितियों, राजनीति और भिवंडी में हाल ही में हुए भवन हादसे में जान गंवाने वाले लोगों का मुद्दा भी उठाया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में अबरार मोमिन, इरशाद अंसारी और विजय भोर ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। डिजिटल मीडिया पत्रकार सुल्तान कुरैशी, प्रिंट मीडिया पत्रकार फहीम अंसारी और पिछले 18 वर्षों से प्रकाशित मराठी दैनिक ‘स्वराज तोरण’ के संपादक किशोर पाटील का भी सम्मान किया गया।
समारोह में मौलाना मुस्तकीम कासमी, अली मोहम्मद पापा भाई, अधिवक्ता फैजान खान, अधिवक्ता मोहसिन बेग, असगर मैकेनिक, अकरम अंसारी, आलम अंसारी, हाफिज आलम अंसारी, जमील भाई, सईद भाई और नईम शेख समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। हज से लौटे सलाहुद्दीन अय्यूबी मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल के नईम सर का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डेली हालात न्यूज के संपादक एम. अबुबकर ने किया। रात करीब 9 बजे शुरू हुआ समारोह 11 बजे राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भिवंडी के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कला और सामाजिक सेवा को समान प्राथमिकता देने की जरूरत है।

