अब्दुल गनी खान
भिवंडी: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शांतिनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त जानकारी के आधार पर छापेमारी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 2 लाख 10 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
जब्त माल में 20 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन शामिल है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 5 दिसंबर को दोपहर करीब 2:45 बजे भादवड़ पाइपलाइन स्थित के.बी. चौकी के पास बिलालनगर की ओर जाने वाले नए सीमेंट रोड पर अंजाम दी गई।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर संदिग्ध को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलाम इस्लाम खान (48) निवासी रेतिबंदर रोड, कल्याण (जिला ठाणे) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके पास से पारदर्शी प्लास्टिक थैली में छिपाई गई एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(क) और 22(ब) के तहत केस दर्ज किया है। इस संबंध में शांतिनगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1230/2024 पंजीकृत किया गया है।
मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश गायकर द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भिवंडी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी और तेज किए जाएंगे।

