जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में रईस हाई स्कूल का दबदबा, सुब्रतो मुखर्जी कप पर किया कब्जा

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका और ठाणे जिला क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 17 और 18 जुलाई को रईस हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित इंटर स्कूल सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप प्रतियोगिता में रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

दो दिवसीय प्रतियोगिता में भिवंडी तालुका के 35 स्कूलों और जूनियर कॉलेजों की छात्र-छात्राओं की टीमों ने 15 वर्ष और 17 वर्ष आयु वर्ग में भाग लिया। 15 वर्ष बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में रईस हाई स्कूल की टीम ने कप्तान खान अयान जावेद के नेतृत्व में मालूमा हाई स्कूल को 2-0 से हराकर सुब्रतो मुखर्जी कप अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने विभागीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

इसके अलावा 17 वर्ष बालक वर्ग में रईस हाई स्कूल की टीम उपविजेता रही, जबकि 17 वर्ष बालिका वर्ग में विद्यालय की छात्राओं ने तीसरा स्थान हासिल किया।

विद्यालय की इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत के साथ खेल शिक्षक ज़ाकिर अंसारी, मुसय्यब मोमिन और इकरा शेख के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन को दिया जा रहा है।

इस उपलब्धि पर के.एम.ई. सोसायटी के पदाधिकारियों, स्पोर्ट्स कमेटी के चेयरमैन दानिश मदू, स्कूल एवं कॉलेज कमेटी के चेयरमैन यासर तातली, प्रधानाचार्य ज़िया-उर-रहमान अंसारी, उप-प्राचार्य आमिर सिद्दीकी, सहायक मुख्याध्यापक मुख्लिस मदू तथा समस्त शिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए विभागीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *