सागर प्लाज़ा रोड के बजाय जर्जर मार्ग की अनदेखी पर सवाल
अब्दुल गनी खान
भिवंडी।शहर में सड़क निर्माण को लेकर प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जहां वास्तविक आवश्यकता है, वहां सड़क निर्माण की ओर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान नहीं दिया जा रहा, जबकि सागर प्लाज़ा रोड पर, जो मात्र दो वर्ष पहले ही बना है, वहां फिर से कार्य किया जा रहा है।

स्थानीयों के अनुसार हनुमान मंदिर से तैय्यब मस्जिद तक का मार्ग अत्यंत जर्जर हालत में है। गड्ढों और टूट-फूट के कारण इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है, लेकिन इसके बावजूद वहां सड़क मरम्मत या निर्माण की अनदेखी की जा रही है। रहवासियों का कहना है कि विधायक की सोच समझ से परे है और कहीं न कहीं यह चाटुकारिता की राजनीति का परिणाम तो नहीं, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।

इस मुद्दे को लेकर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता इमरान अंसारी ने उस मार्ग से गुजरने वाले सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 15 दिसंबर 2025 को सागर प्लाज़ा पर दोपहर 3 बजे एकत्र हों। उन्होंने कहा कि इस दौरान विधायक को हनुमान मंदिर तक पहले सड़क निर्माण कराने के लिए मजबूर किया जाएगा।

स्थानीय जनता का कहना है कि विकास कार्यों में निष्पक्षता और वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। अब देखना होगा कि जनआक्रोश के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर क्या कदम उठाते हैं।

