कांग्रेस के समर्थन में कल्याण रोड संघर्ष समिति की तिरंगा रैली
अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में 17 नवंबर से अंजुर फाटा से कल्याण नाका और कल्याण नाका से टेमघर तक मुख्य सड़क को 36 मीटर चौड़ा करने का काम शुरू हो गया है। अंजुर फाटा और कल्याण नाका के बीच पहले चरण में सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद मनपा प्रशासन ने कल्याण नाका से टेमघर तक सड़क को चौड़ा करने हेतु चिन्हित करना शुरू कर दिया है।

स्थानीय व्यापारी और निवासी शुरू से ही इस चौड़ीकरण का विरोध धरना और आंदोलन के द्वारा कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को भिवंडी शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एड राशिद ताहिर मोमिन के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने मनपा मुख्यालय के सामने धरना दिया। वहीं, कल्याण नाका व्यापारी निवासी संघर्ष समिति ने इस धरने के समर्थन में कल्याण नाका अप्सरा सिनेमा से तिरंगा रैली निकाली। संघर्ष समिति के पदाधिकारी शादाब उस्मानी ने आरोप लगाया है कि महानगरपालिका द्वारा किया जा रहा सड़क चौड़ीकरण अन्यायपूर्ण है और प्रशासन विकास योजना की मंजूरी के बिना जानबूझकर विधायकों रईस शेख और महेश चौघुले के माध्यम से बिल्डरों को लाभ पहुंचाने के लिए सड़क चौड़ी कर रहा है। शादाब उस्मानी ने आरोप लगाया है कि सरकार मेट्रो परियोजना को भूमिगत बना रही है ताकि यहां के व्यावसायिक और आवासीय संपत्ति मालिकों पर कोई असर न पड़े, प्रशासन जानबूझकर सड़क चौड़ीकरण के नाम पर स्थानीय लोगों को प्रभावित कर नुकसान करने पर तुला है। कांग्रेस अध्यक्ष राशिद ताहिर मोमिन ने मांग की है कि चौड़ीकरण से प्रभावित संपत्ति मालिकों को उचित मुआवजा दिए बिना कोई कार्रवाई न की जाए।

सैकड़ों प्रभावित संपत्ति मालिक इस धरने में शामिल हुए। धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल आयुक्त को अपनी मांगों का लिखित ज्ञापन सौंपा।

