भिवंडी में पावरलूम कारखाने में आग ने मचाई तबाही।

Blog भिवंडी

लाखों का नुकसान सिलेंडर फटने से एक फायर कर्मचारी जख्मी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी शहर के सिद्धार्थ नगर, खोनी गांव स्थित ज्योति टेक्सटाइल के तीन पावरलूम कारखानों में आज रात करीब सवा पांच बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कारखानों में लगी पावरलूम मशीनें, कपड़ा, धागा तथा अन्य कच्चा माल जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान एक सिलेंडर फट गया, जिसकी चपेट में आकर फायर ब्रिगेड के कर्मचारी कांतिलाल गुज्जर घायल हो गए। उन्हें तत्काल भिवंडी के सरकारी स्वर्गीय इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक ज्योति टेक्सटाइल के इन कारखानों में कोट-मंजिला पार धागा वार्पिंग सहित धागे से संबंधित विभिन्न कार्य किए जाते थे। यहां धागे को प्रोसेस कर पावरलूम के माध्यम से कपड़ा तैयार किया जाता था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरा कारखाना जलकर पूरी तरह तबाह हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका की फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका जा सका। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *