अब्दुल गनी खान
भिवंडी। नागपुर में महाराष्ट्र एक्यूपंक्चर काउंसिल की ओर से आयोजित प्रथम राष्ट्रीय एक्यूपंक्चर कॉन्फ्रेंस ‘एक्युकॉन 2026’ में भिवंडी के स्वयं सिद्धि मित्र संघ एक्यूपंक्चर कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन 11 जुलाई को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया।

कॉन्फ्रेंस के अंतर्गत आयोजित नाट्य प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्र उमेश गो. पाटील, करुणा अरुण भोईर, तृप्ति चंद्रकांत भालेकर, कादंबरी लांढे और योगेश महागडे ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से एक्यूपंक्चर थेरेपी के महत्व, उसके वैज्ञानिक आधार और वर्तमान समय में उसकी उपयोगिता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। उनकी प्रस्तुति को निर्णायकों ने सर्वश्रेष्ठ घोषित करते हुए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया।
वहीं, देशभर के विद्यार्थियों के बीच आयोजित पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्रा करुणा अरुण भोईर ने द्वितीय तथा तृप्ति चंद्रकांत भालेकर ने तृतीय स्थान हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।

इस अवसर पर महाराष्ट्र एक्यूपंक्चर परिषद के प्रशासक डॉ. रूमी बेरामजी तथा प्रभारी प्रबंधक नारायण नवले ने विजेता विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने एक्यूपंक्चर थेरेपी के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता में सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने देशभर के विद्यार्थियों से इनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
संस्थान के कार्यकारी विश्वस्त डॉ. सीए सुरेश जैन की प्रेरणा तथा प्राचार्य सुरेश जाधव और प्रबंधक डॉ. महेश सोनी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह सफलता हासिल की। इस उपलब्धि से स्वयं सिद्धि मित्र संघ एक्यूपंक्चर कॉलेज ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। कॉलेज की इस सफलता पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता टीम को बधाई दी।

