श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर एफआईआर की मांग, भिवंडी में कांग्रेस का सत्याग्रह; पुलिस को सौंपा ज्ञापन

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी ।। भिवंडी में जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को सत्याग्रह शैली में विरोध प्रदर्शन करते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ कथित वित्तीय अनियमितताओं, आपराधिक विश्वासघात, भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने शांतिनगर पुलिस थाने पहुंचकर पुलिस प्रशासन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस के ज्ञापन में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, अधिकारी गोपाल राव तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार, श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के श्रद्धालुओं से प्राप्त दानराशि के प्रबंधन में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस ने मांग की कि सार्वजनिक आस्था से जुड़े इस मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि तथ्यों का पता लगाया जा सके।
ज्ञापन में ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन, भूमि खरीद-फरोख्त, नकदी गणना प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था में कथित खामियां, सीसीटीवी साक्ष्यों से कथित छेड़छाड़ और दानराशि के कथित दुरुपयोग जैसे मुद्दों की जांच की मांग की गई है। कांग्रेस का यह भी आरोप है कि नकदी गणना प्रक्रिया को लेकर भारतीय स्टेट बैंक द्वारा दी गई सुरक्षा संबंधी सिफारिशों की कथित रूप से अनदेखी की गई।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि कथित चोरी की जानकारी मिलने के बावजूद समय पर पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई और मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर वरिष्ठ पदाधिकारियों को बचाने का प्रयास किया गया। पार्टी ने पूरे प्रकरण की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सहित अन्य सक्षम एजेंसियों से कराने की भी मांग की है। ज्ञापन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173(1) के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करने तथा कथित आर्थिक अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच के लिए मामला प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भेजने की मांग की गई है। यह ज्ञापन भिवंडी शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आबिद मुन्सफ खान के नेतृत्व में शांतिनगर पुलिस थाने में सौंपा गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद सुरेश टावरे, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव पप्पू राका, कांग्रेस नगरसेवक प्रशांत लाड, मनोज श्रीवास्तव, पत्रकार अशोक पाटोले सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व सांसद सुरेश टावरे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आबिद मुन्सफ खान तथा नगरसेवक प्रशांत लाड ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और सार्वजनिक धन से जुड़े किसी भी मामले की निष्पक्ष जांच होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच पारदर्शी तरीके से कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *