नगरसेवक के घर में सेंधमारी: वॉचमैन गिरोह ने 26.59 लाख के माल पर हाथ साफ किया

भिवंडी

विशेष संवाददाता
भिवंडी –  भिवंडी नगर निगम में नवनिर्वाचित एक नगरसेवक के घर में उनके ही वॉचमैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना भिवंडी शहर के कामतघर इलाके में हुई है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, संदीप भोईर हाल ही में हुए भिवंडी नगर निगम चुनाव में प्रभाग क्रमांक 21 से विजयी हुए हैं। 30 जनवरी को उनके भांजे की सगाई वाडा में थी, जिसके कारण पूरा परिवार वहां गया हुआ था।
चोरों ने उनके चंदनबाग स्थित भारत कॉलोनी के ‘हीरा कॉम्प्लेक्स’ की पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट के बाथरूम की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बेडरूम की अलमारी से 8 लाख 80 हजार रुपये नकद और 13.275 तोला सोने के आभूषण, कुल मिलाकर 26 लाख 59 हजार रुपये का कीमती सामान चोरी कर लिया गया।
  इस इमारत में एक महीने पहले ही एक नया वॉचमैन काम पर रखा गया था। उसकी पत्नी संदीप भोईर के घर में साफ-सफाई का काम करती थी।
30 जनवरी की रात करीब 9 बजे वॉचमैन के पास दो अज्ञात व्यक्ति आए। उन सबने रात में पार्टी की और यह पक्का किया कि संदीप भोईर परिवार सहित बाहर गए हुए हैं। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच आरोपियों ने फ्लैट में घुसकर चोरी की।
जब संदीप भोईर घर लौटे, तो उन्हें फ्लैट अंदर से बंद मिला। धक्का देकर दरवाजा खोलने पर उन्हें चोरी का पता चला। परिवार ने तुरंत वॉचमैन और उसकी पत्नी की तलाश शुरू की। वॉचमैन कल्याण में पाया गया, जिसे पकड़कर नारपोली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस ने संदीप भोईर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य फरार चोरों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *