मुस्तकीम खान
भिवंडी: शहर में अवैध निर्माण का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खंडुपाड़ा इलाके में नगोरी होटल के बगल में जमीन मालिक सहजाद और बिल्डर इस्तियाक द्वारा बिना किसी अनुमति के तीन मंज़िला इमारत का निर्माण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि मनपा प्रभाग समिति–1 में शिकायत दर्ज होने और बीट निरीक्षक द्वारा काम तत्काल बंद करने के आदेश के बावजूद निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी है।

स्थानीय नागरिक आसिम मोहम्मद इस्माइल अंसारी ने इस अवैध निर्माण के खिलाफ भिवंडी निज़ामपुर महानगरपालिका आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मकान मालिक और बिल्डर ने बिना किसी वैधानिक परमिशन के तीन मंज़िला इमारत खड़ी कर दी है। इतना ही नहीं, आने-जाने वाली सार्वजनिक गली पर दो से तीन फीट तक अतिक्रमण कर उस पर सीढ़ियां भी बना दी गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रभाग समिति–1 के बीट निरीक्षक ने मौके का मुआयना कर बिल्डर को तत्काल निर्माण कार्य बंद करने का आदेश दिया था, लेकिन आदेश का कोई असर नहीं हुआ। निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है, जिससे मनपा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना यह है कि मनपा प्रशासन इस अवैध निर्माण पर कब तक कार्रवाई करता है या फिर नियमों की धज्जियां यूं ही उड़ती रहेंगी।

