भिवंडी में महापौर-उपमहापौर चुनाव 20 फ़रवरी के लिए पीठासीन अधिकारी नियुक्त

भिवंडी

अब्दुल गनी खान

भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका में महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कोंकण विभागीय आयुक्त कार्यालय ने विशेष बैठक के लिए पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति कर दी है।

जारी आदेश के अनुसार, महापौर और उपमहापौर के निर्वाचन हेतु आयोजित की जाने वाली विशेष सभा के लिए ठाणे के जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्णनाथ पांचाल को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह विशेष सभा 20 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी।

विभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नगर विकास विभाग की अधिसूचना तथा संबंधित नियमों के अनुसार नव-निर्वाचित सदस्यों में से महापौर और उपमहापौर का चुनाव संपन्न कराया जाएगा। पीठासीन अधिकारी को नियमानुसार संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि महापौर पद के आरक्षण संबंधी अधिसूचना पहले ही जारी हो चुकी है। अब पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति के बाद महानगरपालिका में सत्तासमीकरण को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विभिन्न दलों के पार्षदों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो गया है और संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा चल रही है।

विशेष सभा की तारीख नजदीक आने के साथ ही भिवंडी की राजनीतिक सरगर्मियां और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *