भिवंडी: नाबालिग लड़कियों के अपहरण का सिलसिला जारी, तीन बच्चे लापता

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर में नाबालिग लड़कियों के अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार और शनिवार को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन नाबालिग लड़कियों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की खबरें मिलीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। इन घटनाओं ने अभिभावकों में गहरी चिंता पैदा कर दी है।

      शांतीनगर में दो लड़कियां लापता

पुलिस के अनुसार, शांतीनगर पुलिस स्टेशन की हद में स्थित वेतालपाड़ा इलाके से 17 वर्षीय लड़की घर से बिना किसी को बताए सुबह करीब 4 बजे बाहर चली गई। परिजनों की तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले लिया।

इसी थाना क्षेत्र के गायत्रीनगर इलाके से 15 वर्षीय लड़की 14 फरवरी 2026 की सुबह घर से निकली और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने बताया कि लड़की को खोजने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

     नविवस्ती क्षेत्र में तीसरी लड़की लापता

नविवस्ती क्षेत्र से 17 वर्ष 9 माह की एक लड़की के लापता होने की घटना सामने आई। परिजनों के अनुसार, 12 फरवरी 2026 की रात 2:30 बजे से सुबह 4 बजे के बीच वह घर से निकल गई। आस-पास और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार का मानना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर अपहरण किया।

तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज किया है। भिवंडी पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत जानकारी नजदीकी थाने को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *