दहेज के लिए पत्नी का जबरन गर्भपात; पति गिरफ्तार, ससुराल वालों पर मामला दर्ज

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी –  भिवंडी में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक 36 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया और ससुराल वालों के उकसावे पर उसका जबरन गर्भपात करवा दिया। पीड़िता की शिकायत के बाद शहर पुलिस ने पति समेत सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी प्रदीप उर्फ संघपाल मस्के (36) ने पीड़िता से पहले जान-पहचान बढ़ाई और फिर प्रेम संबंधों के बाद उससे शादी की। शादी के बाद 4 अप्रैल 2023 से 15 फरवरी 2026 के बीच आरोपी ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान पीड़िता दो बार गर्भवती हुई।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह गर्भवती थी, तब उसके पति, सास लता और ननद कविता ने आपस में मिलीभगत की। उन्होंने “हमें बच्चा नहीं चाहिए और तुम भी नहीं चाहिए” कहकर पीड़िता को गालियां दीं और अस्पताल ले जाकर जबरदस्ती उसका गर्भपात करवा दिया।
इतना ही नहीं, जब पीड़िता की तबीयत खराब थी, तब आरोपी पति उसे अकेले बस में बैठाकर उसके मायके (गोंदिया) छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में अपनी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया और 16 फरवरी को आरोपी पति प्रदीप मस्के को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *