भिवंडी में पत्नी को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा, पति पर केस दर्ज

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: पारिवारिक विवाद ने अब डिजिटल रूप ले लिया है। भिवंडी में एक पति द्वारा अपनी पत्नी को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने न्यूज चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पत्नी के खिलाफ झूठी और आपत्तिजनक जानकारी प्रसारित कर उसकी छवि धूमिल करने की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक कापअली क्षेत्र की 43 वर्षीय शिक्षिका ने अपने पति श्रीनिवास पेंट्या वनम (45) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसने पहले पति के खिलाफ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना को लेकर मामला दर्ज कराया था। इसी से नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने की नीयत से यह कदम उठाया।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने एक वीडियो प्रसारित कराया, जिसमें महिला के चरित्र पर सवाल उठाए गए। उसमें किसी युवक के साथ संबंध, पैसों के लेनदेन और अनुचित रिश्तों जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। पीड़िता का कहना है कि वीडियो वायरल होने से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा और उसे मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसे गाली-गलौज कर धमकी भी दी।

भिवंडी शहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि निजी विवादों में सोशल मीडिया का दुरुपयोग किस तरह किसी की प्रतिष्ठा और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *