भिवंडी में ‘डीप क्लीन’ अभियान की शुरुआत, सड़कों से धूल हटाकर होगा पानी का छिड़काव

भिवंडी महाराष्ट्र

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर में गंदगी और कचरे के ढेर को लेकर उठते सवालों के बीच भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका ने स्वच्छता को लेकर बड़ा कदम उठाया है। नवनियुक्त महापौर नारायण चौधरी की पहल पर मनपा क्षेत्र में ‘डीप क्लीन’ स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत सड़कों पर जमी धूल और मिट्टी को पूरी तरह हटाकर पानी का छिड़काव किया जाएगा।

शुक्रवार को कल्याण नाका यातायात कार्यालय के पास महापौर की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान शहर अभियंता जमील पटेल, सार्वजनिक स्वच्छता विभाग प्रमुख फैजल तातली, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक जे.एम. सोनवणे, भंडारी सहित स्वच्छता कर्मचारी मौजूद रहे।

महापौर नारायण चौधरी ने कहा, “हम शहर की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। ‘डीप क्लीन’ अभियान के माध्यम से शहर का कायाकल्प करना हमारा संकल्प है। इसमें मनपा कर्मचारियों के साथ नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।”

उन्होंने बताया कि मानसून से पहले नालों की सफाई इस बार मार्च माह से ही शुरू कर दी जाएगी, ताकि बरसात में जलभराव की समस्या न हो। इसके अलावा अंजूर फाटा से कल्याण नाका तक सड़क चौड़ीकरण के बाद अब डामरीकरण का कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा।

मनपा के इस अभियान से शहरवासियों को साफ-सुथरी सड़कों और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *