बीएनएस वआईटी एक्ट के तहत केस दर्जकर फरार आरोपी की तलाश में सरगर्मी से जुटी पुलिस
विशेष संवाददाता
भिवंडी शहर के शांतीनगर क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।जहां पर 23 वर्षीय युवती के साथ शादी का झांसा देकर एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने न सिर्फ दुष्कर्म किया,बल्कि उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनामी भी किया।इस मामले में युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पर आईटी एक्ट व बीएनएस के तहत केस दर्जकर उसकी तलाश में जुट गई है।
शांतिनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में 23 वर्षीय युवती ने बताया है कि आरोपी फाईक अब्दुल रऊफ पटेल (30) गैबीनगर इलाके का रहने वाला है।जिसने पहचान होने के बाद युवती से शादी करने का झांसा देकर 22 मार्च 2023 से 3 फरवरी 2026 के बीच खंडुपाड़ा स्थित फिरदोस कॉम्प्लेक्स के एक कमरे में “मुझे तुमसे शादी करनी है, तुम मेरी बीवी हो” कहकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।इतना ही नहीं आरोपी ने मुलाकातों के दौरान दोनों के फोटो अपने मोबाइल में लिए और संबंध बनाने से मना करने पर फोटो वायरल करने की धमकी देता रहा।इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को तरह तरह की धमकी देकर व्हॉट्सऐप वीडियो कॉल पर भी पूरा कपड़े उतारने को भी मजबूर किया और कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली।पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि आरोपी ने उसके साथ इस प्रकार की हरकत 4 से 5 बार की।इसके बाद में आरोपी ने 12 अगस्त 2025 से 12 फरवरी 2026 के बीच पीड़िता का आपत्तिजनक फोटो व वीडियो उसके जीमेल पर उसके भाई के इंस्टाग्राम आईडी पर, उसकी मां के व्हॉट्सऐप पर उसकी मित्र के व्हॉट्सऐप पर तथा उसके चचेरे भाई व एक अन्य परिचित को फोटो-वीडियो भेजकर बदनामी की।जिसके बाद पीड़िता के सब्र का बांध टूट गया और उसने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में जाकर आरोपी के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 64(2)(म) के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(ई), 67 और 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।जिसकी जांच पुलिस निरीक्षक (गुन्हे) अतुल अडुरकर कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा रहा है और आरोपी की तलाश जारी है।

