विशेष संवाददाता
भिवंडी शहर के कामतघर इलाके में बिजली मीटर हटाने पहुंचे टोरंट पावर के कर्मचारियों के साथ मारपीट और धक्कामुक्की किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक महिला और उसके साथ मौजूद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार भिवंडी में बिजली ठेकेदार टोरंट पावर कंपनी के कर्मचारी आशीष बोदडे (35) अपने स्टाफ और सुरक्षा रक्षकों के साथ कामतघर के भाग्यनगर इलाके में 9 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे एक घर पर लगी बिजली मीटर बॉक्स को हटाने के लिए गए थे। जैसे ही कर्मचारियों ने मीटर बॉक्स निकाला, घर में रहने वाली महिला राणी रविंद्र हेगडे (45) और उसके साथ मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति को इस बात पर गुस्सा आ गया। दोनों ने कर्मचारियों को बिजली मीटर ले जाने से मना करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।इतना ही नहीं, आरोपियों ने अशिष बोदडे तथा उनके सुरक्षा रक्षक देवेश पाटील और नंदकिशोर राव की कॉलर पकड़कर धक्कामुक्की की और उनके सरकारी काम में बाधा डाली।इस मामले में भिवंडी शहर पुलिस ने दो लोगों पर बीएनएस की धारा 115(2), 352, 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला और उसके साथी की तलाश कर रही है।पुलिस उपनिरीक्षक सुरेश ढोले मामले की जांच कर रहे हैं।

