अब्दुल गनी खान
नवी मुंबई के वाशी स्थित मराठी साहित्य मंदिर हॉल में आयोजित भव्य समारोह में ‘छत्रपति संभाजी महाराज राष्ट्रीय पुरस्कार’ से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन छावा प्रतिष्ठान की ओर से किया गया था।

इस अवसर पर भिवंडी की ब्रेव यूथ मार्शियल आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष मास्टर डॉ. राजाराम देवसानी और सचिव मास्टर अशोक देवसानी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। दोनों प्रशिक्षकों को यह पुरस्कार मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और समाज सेवा में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुणाल मालुसरे (सुभेदार, नरवीर तानाजी मालुसरे के वंशज), दीपक साकोरे (आईपीएस अधिकारी), डॉ. राज खतीब (डीसीपी, मुंबई पुलिस), विजय चौधरी (महाराष्ट्र ट्रिपल केसरी), विजय पाटकर (प्रसिद्ध अभिनेता), दीपक राजे शिर्के (महारानी येसुबाई के वंशज) और रोहित पिसाल सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।

समारोह के दौरान अतिथियों ने पुरस्कार विजेताओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. राजाराम देवसानी और अशोक देवसानी को मिला यह सम्मान न केवल भिवंडी शहर, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

