अब्दुल गनी खान
भिवंडी के निजामपुरा इलाके में घर में जबरन घुसकर मारपीट और धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता अब्दुल आहद वाहीद तातली (30) ने आरोप लगाया है कि फरहान करनाले और मोहम्मद अली सईद करनाले ने पहले उनके घर के पीछे बने तबेले का ताला तोड़ने की कोशिश की थी।
शिकायत के अनुसार, विरोध के बावजूद आरोपी दोबारा लौटे और 28 मार्च को गेट का ताला तोड़कर जबरन घर में घुस गए। आरोप है कि दोनों ने वहां निर्माण सामग्री रखी और विरोध करने पर शिकायतकर्ता व उनके पिता के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
इस संबंध में निजामपुरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

