अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर के तीनबत्ती इलाके में स्थित मंगल बाजार की स्लैब पर पिछले 4-5 महीनों से बनी अनधिकृत केबिन पर आखिरकार भिवंडी मनपा ने हथौड़ा चला दिया। इस केबिन में आरपीआई (एकतावादी) के शहराध्यक्ष अशफाक शेख का कार्यालय और दिव्यांग एकता मंच का दफ्तर चल रहा था। कार्रवाई के बाद मामला सियासी हो गया है।बताया गया कि त्योहारों के चलते पुलिस बंदोबस्त नहीं मिलने से कार्रवाई लंबित थी। बंदोबस्त मिलते ही प्रभाग समिति क्र. 5 के सहायक आयुक्त *गिरीश घोष्टेकर*, शहर विकास विभाग प्रमुख *साकिब खर्बे* और बीट निरीक्षक *हनुमान म्हात्रे* के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर केबिन हटा दी।

मनपा के मुताबिक, बाजार की स्लैब पर केबिन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इससे पहले यहां प्रभाग समिति-5 के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की केबिन थी, जिसे हटाने के बाद उसी जगह नई केबिन बना ली गई थी।सहायक आयुक्त घोष्टेकर ने बताया कि दस्तावेजों की जांच और नोटिस की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही कार्रवाई की गई है।शहर विकास प्रमुख साकिब खर्बे ने वहीं बगल में लंबे समय से बंद पड़ी पुलिस चौकी के ताले को हथौड़े से तोड़कर खोला और बताया कि जल्द ही यह चौकी पुलिस को सौंप दी जाएगी।
आरपीआई ने बताया भेदभाव, आंदोलन की चेतावनी
उधर, आरपीआई एकतावादी के प्रदेशाध्यक्ष विकास निकम ने कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में सैकड़ों अनधिकृत निर्माण हैं, लेकिन सिर्फ पार्टी कार्यालय को निशाना बनाया गया। इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए उन्होंने मनपा के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।मनपा ने इसे नियमित अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई बताया है।

