अंजुरफाटा में पति के साथ पैदल जा रही महिला को बनाया निशाना, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी
अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में अपराध की बढ़ती घटनाओं के बीच एक बार फिर दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। अंजुरफाटा इलाके में पति के साथ पैदल जा रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब 3.50 लाख रुपये की सोने की चेन और पेंडेंट झपट लिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता निशा जोजो पारेकाटिल (43) अंजुरफाटा इलाके में ओसवाल कॉलेज के सामने रहती हैं। रविवार दोपहर करीब 4 बजे वह अपने पति के साथ पैदल जा रही थीं। जैसे ही वे कॉलेज के सामने पहुंचीं, पीछे से काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक चला रहे युवक ने अचानक वाहन की रफ्तार धीमी की, जबकि पीछे बैठे दूसरे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन खींच ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि लूटी गई चेन और पेंडेंट की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि वारदात के समय दोनों बदमाशों ने चेहरे पर रूमाल बांध रखा था। उनकी उम्र 22 से 24 साल के बीच बताई जा रही है।
महिला की शिकायत पर नारपोली पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

