क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार; 41 से ज्यादा मामलों का खुलासा
अब्दुल गनी खान
भिवंडी: वाहन चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर लगाम लगाते हुए भिवंडी क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने एक शातिर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 10.60 लाख रुपये कीमत के 58 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने भिवंडी, ठाणे और आसपास के क्षेत्रों में दर्ज 41 से अधिक वाहन चोरी के मामलों का खुलासा किया है। इनमें नारपोली, भिवंडी शहर, शांतिनगर, निजामपुरा, बाजारपेठ, वर्तकनगर, नौपाड़ा और भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशनों में दर्ज मामले शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी अमरसिंह जाधव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यूनिट-2 की टीम को गुप्त सूचना के आधार पर यह सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश उर्फ गणु राजु मोरे (21), साहेब अली उर्फ छोटू सुलतानपुरी शेख (19) और सुनील उर्फ बाला शंकर राठोर (20) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी शहर और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिल और स्कूटर चोरी कर उन्हें बेचने का काम करते थे। बरामद किए गए वाहन विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से लंबे समय से सक्रिय वाहन चोरी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) डॉ. पंजाबराव उगले, डीसीपी अमरसिंह जाधव और सहायक पुलिस आयुक्त शेखर बागड़े के मार्गदर्शन में की गई। ऑपरेशन को सफल बनाने में क्राइम ब्रांच यूनिट-2, भिवंडी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल राऊत और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

