गुप्त ठिकाने से भारी हथियारों का जखीरा बरामद, नकली नोटों के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

ठाणे महाराष्ट्र

अब्दुल गनी खान
डोंबिवली/: ठाणे जिले के डोंबिवली इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गुप्त ठिकाने से भारी मात्रा में अवैध हथियार और नकली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। बरामद सामान की कुल कीमत 12.21 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ठाणे क्राइम ब्रांच की कल्याण यूनिट-3 ने गुप्त सूचना के आधार पर डोंबिवली पूर्व के दावड़ी इलाके में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 55 वर्षीय आरोपी सुरेंद्र पांडुरंग पाटील को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने इमारत की पांचवीं मंजिल पर टेरेस एरिया में बेहद चालाकी से एक गुप्त कप्पा तैयार किया था। यह ठिकाना चप्पल स्टैंड के पीछे और लिफ्ट डक्ट के जरिए पहुंचने वाले स्थान पर बनाया गया था, जहां बड़ी मात्रा में हथियार छिपाकर रखे गए थे।

पुलिस ने मौके से 3 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 7 देसी कट्टे, 405 जिंदा कारतूस, 167 छर्रे, 2 तलवारें, 3 कोयते, चाकू और लोहे की रॉड बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 3 लाख 52 हजार रुपये के नकली नोट भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल इस बात की गहन जांच की जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी साजिश में किया जाना था या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *