फाफामऊ में ऑटो चालकों से कथित अवैध वसूली का आरोप, ड्राइवरों में रोष; आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश

प्रयागराज, अनिल यादव: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद के फाफामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत सांसों मार्ग पर ऑटो रिक्शा चालकों से कथित रूप से जबरन वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय चालकों के अनुसार सुबह से लेकर शाम तक मार्ग पर चलने वाले ऑटो रिक्शा से बिना किसी रसीद के ₹15 प्रति वाहन वसूला जा रहा है।

चालकों का आरोप है कि गदा चौराहा, फाफामऊ पर यह वसूली खुलेआम की जाती है, जबकि पुलिस थाना महज लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद चौराहे पर पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आती। आरोप है कि वसूली करने वाला व्यक्ति हाथ में डंडा लेकर वाहनों को रोकता है और पैसे मांगता है।

ऑटो चालकों का कहना है कि जब वे रसीद की मांग करते हैं तो उन्हें पुलिस कार्रवाई की धमकी दी जाती है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति पुलिस का भय दिखाते हुए कहता है कि “अंदर कर दूंगा”, जिसके चलते गरीब परिवारों से जुड़े चालक भयवश पैसे देने को मजबूर हो जाते हैं। कई चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि पैसे देने के बावजूद उन्हें अपमानजनक भाषा और गाली-गलौज का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय चालकों के अनुसार फाफामऊ, सिकंदरा, सोरांव और सांसों क्षेत्र में करीब 1000 ऑटो रिक्शा संचालित होते हैं। यदि प्रत्येक वाहन से प्रतिदिन ₹15 वसूले जा रहे हैं, तो यह राशि बड़े स्तर पर अवैध वसूली की ओर इशारा करती है।

ऑटो रिक्शा चालकों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो सभी चालक सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।फिलहाल इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *