अब्दुल गनी खान
भिवंडी तालुका के टेंभिवली गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, टेंभिवली गांव में रविंद्र गोराडकर के ईंट भट्ठे पर सुरेश वाघे और उसकी पत्नी इंदिरा वाघे मजदूर के रूप में काम करते थे। बताया जा रहा है कि सुरेश को अपनी पत्नी के चरित्र पर लंबे समय से शक था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
शनिवार को दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। आरोप है कि उस समय सुरेश शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर किसी भारी वस्तु से इंदिरा के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने आरोपी सुरेश को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हर्षवर्धन बारवे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वर्गीय इंदिरा गांधी स्मृति अस्पताल भेज दिया। वहीं आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के बाद इलाके और ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों में दहशत और हैरानी का माहौल है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

